करंट लगने से जामा मस्जिद के युवा मौलाना की दर्दनाक मौत, इलाके में शोकअज़ान देने के दौरान चेंज ओवर छूते ही आया चपेट में; परिजनों में मचा कोहराम
करंट लगने से जामा मस्जिद के युवा मौलाना की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक
अज़ान देने के दौरान चेंज ओवर छूते ही आया चपेट में; परिजनों में मचा कोहराम
औरंगाबाद (बुलंदशहर)।
स्थानीय जामा मस्जिद में सोमवार देर शाम अज़ान देने के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। मस्जिद के युवा मौलाना उबैदुल्ला (30 वर्ष) की चेंज ओवर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे मौलाना को आनन-फानन में बुलंदशहर ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
अज़ान के समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हापुड़ जनपद के थाना गढ़मुक्तेश्वर अंतर्गत ग्राम दोताई निवासी कारी शेर मोहम्मद पिछले लगभग 25 वर्षों से औरंगाबाद की जामा मस्जिद में बतौर कारी कार्यरत हैं। पिछले चार वर्षों से उनका 30 वर्षीय पुत्र मौलाना उबैदुल्ला भी जामा मस्जिद में नमाज़ अदा करा रहे थे। सोमवार शाम करीब सवा सात बजे मौलाना उबैदुल्ला मगरिब की अज़ान देने के लिए लाउडस्पीकर सिस्टम के पास गए थे। जैसे ही उन्होंने बिजली का चेंज ओवर छुआ, उसमें उतर रहे तेज करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
चेंज ओवर छूते ही मौलाना ज़ोर से झटके के साथ गिर पड़े। मस्जिद में मौजूद नमाज़ियों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें छुड़ाया और निजी कार से उपचार के लिए बुलंदशहर भागे। हालांकि, रास्ते में ही मौलाना ने दम तोड़ दिया। बुलंदशहर पहुँचने पर निजी चिकित्सक ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक वर्ष पहले ही हुआ था निकाह
मौलाना उबैदुल्ला की मौत की खबर मिलते ही जामा मस्जिद पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने मृतक के पिता कारी शेर मोहम्मद को फोन पर इस हृदयविदारक घटना की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मौलाना का निकाह महज एक वर्ष पूर्व ही हुआ था।
पुलिस को जानकारी नहीं
इस संबंध में जब स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया, तो पुलिस प्रशासन ने घटना की आधिकारिक जानकारी होने से इंकार किया है। देर रात तक परिजनों को ढांढस बँधाने के लिए मस्जिद और मौलाना के निवास पर सैकड़ों गमगीन लोगों का ताँता लगा रहा।
