बौद्धिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन , वेंटस सदन बना विजेता
, 25 जुलाई। नेशन पब्लिक स्कूल, औरंगाबाद में शनिवार को प्राथमिक वर्ग (कक्षा III से V) के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता, तार्किक सोच तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रिया अग्रवाल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन के साथ-साथ समाचार पत्रों, पुस्तकों एवं समसामयिक घटनाओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की मजबूत आधारशिला है।प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदन—एक्वा सदन, इग्निस सदन, टेरा सदन एवं वेंटस सदन—के प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास, उत्साह एवं टीम भावना के साथ भाग लिया। विभिन्न चरणों में पूछे गए रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नों का प्रतिभागियों ने प्रभावशाली ढंग से उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।विद्यालय के उप प्रधानाचार्य श्री प्रमोद कुमार जोशी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें निरंतर ज्ञानार्जन के लिए प्रेरित किया तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की सराहना की।प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रिया अग्रवाल ने वेंट्स सदन की विजेता टीम को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन कुमारी दीपा कंसल तथा श्रीमती कंचन ने किया । आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय की कन्वीनर श्रीमती लोकेश वर्मा, विंग कोऑर्डिनेटर कुमारी रश्मि शर्मा एवं श्रीमती अवनी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस ज्ञानवर्धक आयोजन को विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
