महाशिवरात्रि से पूर्व औरंगाबाद के प्राचीन नागेश्वर मंदिर प्रांगण में जलभराव, सेवादारों में भारी रोषअधिशासी अधिकारी ने मौके पर पहुँचकर दिया सफाई का आश्वासन, विहिप ने दी आंदोलन की चेतावनी।
राजीव शर्मा
कस्बा औरंगाबाद के भावसी रोड स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन नागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक की तैयारियों के बीच नगर पंचायत की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जलाभिषेक से ठीक एक दिन पहले मंदिर प्रांगण में नालियों का गंदा पानी भर जाने से मंदिर के सेवादारों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहित सिंह तुरंत मौके पर पहुँचे और जल निकासी तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
नागेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कैलाश चंद्र अग्रवाल ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि केवल नागेश्वर मंदिर ही नहीं, बल्कि मां शीतला माता मंदिर के प्रांगण में भी नालियों का गंदा पानी और कचरा जमा हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर पंचायत को कई बार शिकायती पत्र दिए गए, लेकिन अधिकारियों की कान पर जूं तक नहीं रेंगी।
शिवरात्रि पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब: विहिप
घटनास्थल पर पहुँचे विश्व हिंदू परिषद (VHP) के विभाग सत्संग प्रमुख दीपक अग्रवाल ने नगर पंचायत प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए आएँगे। बार-बार शिकायत के बावजूद गंदगी की सफाई न कराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से जलभराव की समस्या का तुरंत स्थायी समाधान करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था शीघ्र न सुधारी गई तो श्रद्धालुओं का रोष उग्र रूप ले सकता है।
ईओ ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
मौके पर पहुँचे अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने स्थिति का मुआयना करने के बाद बताया कि पानी की निकासी और गंदगी की सफाई का काम तत्काल प्रभाव से शुरू करा दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
